UP BJP President: केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से 7 बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को रविवार को उत्तर प्रदेश का नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में लखनऊ पार्टी दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन के साथ हुई, जिसके बाद पंकज चौधरी को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया गया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के गठन से लेकर अब तक 17 प्रदेश अध्यक्ष बन चुके हैं। पार्टी ने सात बार ब्राह्मण चेहरों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसमें से कलराज मिश्र दो बार प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। अगर चेहरों के दृष्टिकोण से देखें तो छह ब्राह्मण चेहरों को पार्टी ने प्रदेश का मुखिया बनाया पार्टी के इतिहास में दो बार ऐसा हुआ है कि प्रदेश अध्यक्ष को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला है।
1982 से 1984 के बीच प्रदेश अध्यक्ष रहने वाले कल्याण सिंह को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला। उन्होंने दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और एक बार सांसद के रूप में कार्य किया. दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के समय वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। दो बार अध्यक्ष बनने वाले राजनाथ सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वह 2000 से 2002 तक मुख्यमंत्री रहे।
