UTTARAKHAND BJP PRESIDENT: उत्तराखंड बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की दूबारा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी हुई। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व पर प्रदेश परिषद की बैठक में महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा की गई।
सोमवार को ही उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था, वो बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे। ऐसे में सोमवार को ही तय हो गया था कि महेंद्र भट्ट निर्विरोध प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे।
महेंद्र भट्ट का लगातार दूसरा कार्यकाल
बता दें कि इससे पहले 2022 में महेंद्र भट्ट उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके कार्यकाल में बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 5 संसदीय सीटें जीती थीं। निकाय चुनावों में भी बीजेपी को भारी सफलता मिली थी। इससे संगठन में उनका कद बढ़ता गया। बीजेपी हाईकमान ने महेंद्र भट्ट को राज्यसभा भी भेजा।
राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्य भी घोषित
वहीं प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही बीजेपी के 8 केंद्रीय परिषदों की भी घोषणा की गई। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोटिंग करेंगे। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की घोषणा भी केंद्रीय राज्यमंत्री और चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने की।
बीजेपी राष्ट्रीय परिषद के सदस्य
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
- केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा
- डॉ रमेश पोखरियाल निशंक
- हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत
- पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत
- टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह
- नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट
- कल्पना सैनी