Uttarakhand Budget Session: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में पांच दिवसीय बजट सत्र शुरू हो गया है। जिसके तहत आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2026–27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपए का बजट सदन में पेश किया।
यूकेडी ने किया प्रदर्शन
वहीं सत्र के पहले दिन उत्तराखंड क्रांति दल ने दिवालीखाल में प्रदर्शन कर ताकत दिखाई। स्थायी राजधानी, अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित अन्य समस्याओं को लेकर दल ने विधानसभा घेराव की योजना बनाई। इस दौरान दिवालीखाल में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच पुलिस को चकमा देकर कुछ कार्यकर्ता विधानसभा तक पहुंच गए। पुलिस ने 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर आंदोलनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियां रोक दी। इसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार कर उन्हें आगे बढ़ने से रोका।
यूकेडी का सीधा आरोप है कि सरकार गैरसैंण को केवल ‘पिकनिक स्पॉट’ की तरह इस्तेमाल कर रही है। उनकी मांग स्पष्ट है “गैरसैंण को प्रदेश की एकमात्र स्थायी राजधानी घोषित करो।
बजट सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने किया वॉकआउट
वहीं बजट सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बजट की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान विपक्ष ने नारेबाजी की। इसके बाद सत्र शुरू होते ही विपक्षी नेता नारेबाजी कर वेल में पहुंचे। इसके बाद शोर के बीच ही राज्यपाल का संबोधन शुरू हुआ।
बजट सत्र शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। राज्यपाल के अभिभाषण शुरू ही हुआ था कि कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
