Uttarakhand: जारी अधिसूचना के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि रखी गई है। ऐसे में 20 नवंबर को मतदान होगा और 22 नवंबर को मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी।

प्रदेश में हरिद्वार जिले को छोड़कर त्रिस्तरीय पंचायतों में सभी खाली पदों पर 20 नवंबर को उप चुनाव होंगे। उप चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य में ग्राम पंचायतों के 33114 पद खाली हैं। इन पदों पर उप चुनाव के बाद 4843 ग्राम पंचायतों का गठन होगा।
20 नवंबर को मतदान, 22 नवंबर को मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल करने की तिथि रखी गई है। 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 3 तक नाम वापसी की तिथि रखी गई है। 16 नवंबर को दोपहर 3 बजे के बाद कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा।
20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके साथ ही 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना की प्रक्रिया चलेगी।
त्रिस्तरीय पंचायतों में इतने पद हैं खाली
प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों के 33114, ग्राम प्रधान के 22, जिला पंचायत सदस्य का एक और क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पद खाली हैं। इन खाली पदों पर चुनाव होने हैं।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, उपचुनाव संबंधित अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो गई है। साथ ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है जो मतगणना समाप्ति तक जारी रहेगी।
प्रदेश के 12 जिलों में इन पदों पर होने हैं उपचुनाव
- अल्मोड़ा जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 6241 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 6 पदों पर उपचुनाव होना है।
- उधम सिंह नगर जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 938 पदों पर उपचुनाव होना है।
- चंपावत जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1702 पदों पर उपचुनाव होना है।
- नैनीताल जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2268 पदों पर उपचुनाव होना है।
- पिथौरागढ़ जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2927 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 2 पदों पर उपचुनाव होना है।
- बागेश्वर जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1610 पदों पर उपचुनाव होना है।
- उत्तरकाशी जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1961 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 1 पद और सदस्य क्षेत्र पंचायत के एक पद पर उपचुनाव होना है।
- चमोली जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2812 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 6 पद और सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1 पद पर उपचुनाव होना है।
- टिहरी जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 4170 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 2 पदों पर उपचुनाव होना है।
- देहरादून जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 801 पदों पर उपचुनाव होना है।
- पौड़ी गढ़वाल जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 6068 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 4 पदों पर उपचुनाव होना है।
- रुद्रप्रयाग जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1436 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 1 पद और सदस्य जिला पंचायत के एक पद पर उपचुनाव होना है।
