Uttarakhand: कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व विधायक गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

इसके साथ ही चकराता विधायक प्रीतम सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत को भी बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है। हाईकमान ने प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई।

वहीं निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य भी नियुक्त किया है।
बता दें कि गोदियाल दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए हैं। इससे पहले वह 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक यह दायित्व निभा चुके हैं।
