Uttarakhand: देवप्रयाग में शराब दुकान का विरोध कर रहे जनप्रतिनिधि के साथ अभद्रता निंदनीय, जल्द कार्रवाई ना होने पर 19 मार्च को होगा घेराव- संदीप चमोली

Uttarakhand:  देवप्रयाग में प्रस्तावित शराब की दुकान के शांतिपूर्ण विरोध के दौरान जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह द्वारा स्थानीय पूर्व प्रधान एवं जनप्रतिनिधि नेत्र सिंह के साथ अभद्रता की गई। इस घटना को कांग्रेस ने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

 

एडवोकेट, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस, सदस्य पीसीसी धर्मपुर विधानसभा संदीप मोहन चमोली ने कहा कि हम इस घटना की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हैं तथा सरकार और आबकारी आयुक्त से मांग करते हैं कि जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी जनप्रतिनिधि अथवा नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

 

यदि आगामी 18 तारीख तक आबकारी आयुक्त द्वारा इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो आबकारी आयुक्त कार्यालय 19 तारीख वीरवार को घेराव कर तालाबंदी की जाएगी तथा वहां अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक के.पी. सिंह को उनके पद से नहीं हटाया जाता।