Uttarakhand Police: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज हरिद्वार के बैरागी कैंप में उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा आयोजित नई ‘न्याय संहिता’ पर आधारित राज्यस्तरीय भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। गृह मंत्री द्वारा न्याय संहिता प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया।
गृह मंत्री ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए विशेष रूप से युवाओं, माताओं और बहनों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी को अवश्य देखें और न्याय संहिता के प्रावधानों के बारे में जानकारी प्राप्त करें। यह प्रदर्शनी 11 मार्च तक जारी रहेगी।
यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, पुलिस अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों सहित सभी हितधारकों को आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में न्याय संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं को सरल, दृश्य एवं इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रस्तुत किया गया है। इसमें समयबद्ध जांच एवं चार्जशीट की अनिवार्यता, जीरो FIR एवं ई-एफआईआर की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक दंडनीय अपराधों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त प्रावधान जैसी प्रमुख विशेषताएं शामिल हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा है।
