Virat कोहली ने जन्मदिन पर जड़ा 49वां शतक, की सचिन तेंदुलकर की बराबरी

वर्ल्ड कप 2023 के 37वें मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हरा दिया है। दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 83 रन ही बना सकी। यह भारत की लगातार 8वीं जीत है। वहीं विराट कोहली ने फैंस को बर्थडे के दिन रिकॉर्ड 49वां शतक लगाकर दोहरी खुशी दी है।


Virat Kohli century: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। किंग कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दमदार पारी खेलते हुए 49वां शतक जमाया। खास बात यह है कि विराट ने आज अपने जन्मदिन पर शतक लगाया और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की बराबरी की।

 कोहली ने की सचिन की बराबरी 

वनडे इंटरनेशनल में भारतीय टीम के स्टार बैटर विराट कोहली ने 49वां शतक जमाया। इस एक पारी की बदौलत उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। कोहली ने 67 गेंद पर 5 चौके जमाते हुए पचास रन पूरे किए थे और इसके बाद पारी को तेज करते हुए 119 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। सचिन तेंदुलकर ने भी वनडे में 49 शतक लगाए थे। बता दें कि सचिन ने 49 वनडे शतक तक पहुंचने के लिए 452 पारी खेली थी। जबकि विराट कोहली ने महज 277 पारी में ही यह कमाल कर दिखाया।

ये भी पढ़ें: दिवाली Gift: अब हर महिला सैनिकों को मिलेगा अधिकारियों जितनी मैटरनिटी लीव

वनडे में सबसे ज्यादा शतक

49 विराट कोहली (277 पारियां)

49 सचिन तेंदुलकर (452 पारियां)

31 रोहित शर्मा (251 पारियां)

30 रिकी पोंटिंग (365 पारियां)

28 सनथ जयसूर्या (433 पारियां)

वर्ल्ड कप में विराट कोहली का दूसरा शतक

इस वर्ल्ड कप में यह विराट कोहली का दूसरा शतक है। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर को पुणे के मैदान पर शतकीय पारी खेली थी। धर्मशाला में खेले गए अगले ही मुकाबले में कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 95 का स्कोर किया लेकिन शतक से चूक गए। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में भी 88 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हराया 

वर्ल्ड कप 2023 में भारत की जीत का सिलसिला जारी है। रवींद्र जडेजा ने 5 विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को मात्र 83 रन पर ही ऑलआउट कर दिया। भारत ने इस मुकाबले को 243 रन से जीत लिया है। यह भारत की लगातार 8वीं जीत है। वहीं विराट कोहली ने फैंस को बर्थडे के दिन रिकॉर्ड 49वां शतक लगाकर दोहरी खुशी दी है।

Uttarakhand करेगा 38वें नेशनल गेम्स की मेजबानी, 9 नवंबर को मिलेगा ध्वज