WC Semi-final Highlights: भारत ने टी 20 वर्ल्डकप सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से पराजित कर फाइनल में जगह बनायी। भारत का अब 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से खिताबी मुकाबला होगा।

India vs England T20 World cup 2026 Semi-final Highlights: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार फाइनल में एंट्री की है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। भारत की ओर से मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना पाई।
जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 33 रन खर्च कर एक विकेट लिया। वहीं हार्दिक पंड्या ने चार ओवर में 38 रन खर्च कर दो विकेट लिए। इन दोनों की गेंदबाजी ने भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
बेथेल ने 48 गेंद पर 105 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को मैच में आखिरी ओवर तक रोमांच बनाए रखा। लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई। भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेली। इसके अलावा ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान दिया। हार्दिक पंड्या ने 26 रन की पारी खेलकर स्कोर को 250 के पार करवाने में अहम भूमिका निभाई।

पर इस जीत के असली हकदार जसप्रीत बुमराह ही रहे। जिन्होंने चार ओवर में महज 33 रन खर्च किए और हैरी ब्रूक का विकेट भी लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफ़ाइनल मुकाबले में संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन उन्होंने टीम इंडिया के फ़ाइनल में पहुंचने का श्रेय जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी को दिया।
संजू सैमसन ने कहा, “बुमराह वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। वो ऐसे गेंदबाज हैं जो एक जेनरेशन में एक ही होता है. और उन्होंने एक बार फिर से इस बात को साबित किया है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी माना कि जसप्रीत बुमराह ही इस मुकाबले में भारत और इंग्लैंड के बीच असली अंतर साबित हुए। उन्होंने कहा, “हमें पता है कि जसप्रीत बुमराह क्या कर सकते हैं और उन्होंने बीते कुछ सालों में क्या किया है। उन्होंने आज भी वही कर दिखाया। वो आगे आए और मैच को इंग्लैंड से दूर कर दिया। ये बेहद स्पेशल परफॉर्मेंस रही।
