Delhi CM Oath Ceremony: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 27 सालों के बाद सत्ता में वापसी करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार का आगाज हो गया है। रेखा गुप्ता ने केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। रेखा गुप्ता के साथ ही उनकी कैबिनेट के छह मंत्रियों ने भी रामलीला मैदान में आयोजित विकसित दिल्ली शपथ समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
चौथी महिला सीएम बनीं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्होंने तीन बार की आम आदमी पार्टी विधायक रहीं बंदना कुमारी को हराया है। रेखा गुप्ता इस सीट से 29000 से ज्यादा वोटों से जीती थीं।
मंत्रियों ने भी ली शपथ
रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज ने भी शपथ ली। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया था। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट सदस्य, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, सांसद और एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद रहे।
कौन है रेखा गुप्ता?
हरियाणा के जींद जिले स्थित नगर जुलाना में रेखा गुप्ता का 19 जुलाई 1974 का जन्म हुआ था। रेखा गुप्ता के पिता जयभगवान बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर थे, जबकि मां हाउस वाइफ थीं। जब रेखा गुप्ता 2 साल की थी तभी उनके पिता की पोस्टिंग दिल्ली हो गई थी और पूरा परिवार दिल्ली आ गया। इसके बाद दिल्ली में ही उनकी पूरी पढ़ाई हुई। रेखा गुप्ता ने ग्रेजुएशन, LLB और MBA की पढ़ाई की।
50 वर्षीय रेखा गुप्ता पेशे से वकील रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता ने अपनी राजनीतिक करियर छात्र राजनीति से शुरू की थी और बीजेपी के राष्ट्रीय महिला मोर्चा तक पहुंची। उनके पति मनीष गुप्ता का राजनीति से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता एक कारोबारी हैं। इनकी शादी साल 1998 में हुई थी। इनके एक बेटा और एक बेटी भी है।
रेखा गुप्ता का सियासी सफर
1992 – AVBP ज्वाइन किया
1995-96 – दिल्ली युनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव बनीं
1996-97 – दिल्ली युनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं
2007 – उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद बनीं
2010 – बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य
2022 – MCD के मेयर पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार बनीं
2023 – शालीमार बाग विधानसभा सीट से MLA बनीं
बता दें कि रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनने के साथ पहली बार विधानसभा पहुंची हैं और अब सुषमा स्वराज के बाद बीजेपी में दूसरी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
दिल्ली सीएम के तौर पर ये रहेंगी जिम्मेदारी
रेखा गुप्ता का जीवन राजनीति, समाज सेवा और नारी सशक्तिकरण का प्रतीक है। दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता की प्राथमिकताएँ बेहतर बुनियादी ढांचा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और स्वच्छता अभियान होंगी। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, ट्रैफिक समस्या के समाधान और रोजगार के अवसर बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में होगी।