CM योगी ने किया किसान मेले का उद्घाटन, उत्तराखंड की कृषि, पशुपालन और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

पौड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने तीन दिवसीय भ्रमण के पहले दिन अपने पैतृक गांव पंचुर, तहसील यमकेश्वर, उत्तराखंड पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी में ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। साथ ही, उन्होंने स्व. श्री आनंद सिंह बिष्ट स्मृति पार्क में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण किया और दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन किया। इससे पहले, उन्होंने सिद्धपीठ महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ और पूजनीय पिताजी ने इस महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने भारत में खाद्यान्न संकट की चर्चा करते हुए बताया कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय ने हरित क्रांति की शुरुआत कर देश को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में डेयरी और पशुपालन की संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बकरी का दूध अत्यधिक गुणकारी होता है और विभिन्न रोगों के उपचार में सहायक है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और कृषि व पशुपालन को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे पलायन को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि किसान मेले के माध्यम से स्थानीय लोगों को बकरी और कुक्कुट वितरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को भारत का ‘मुकुट मणि’ बताते हुए कहा कि यह राज्य राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश को नशामुक्त बनाने और इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की और विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरण किए। इसके अलावा, उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।

इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे