उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल करीब 9 साल बाद सऊदी अरब से सकुशल भारत लौट आए हैं। शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही परिजनों और उत्तराखंड के लोगों ने उनका स्वागत किया। इंद्रमणि की घर वापसी के पीछे उनकी बेटी दीपिका नौटियाल का लंबा संघर्ष और समाजसेवी रोशन रतूड़ी की कोशिशें अहम रहीं।
इंद्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वह रियाद की एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था।
इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक साल की कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली, लेकिन अदालत की ओर से तय मुआवजे की रकम जमा नहीं होने के कारण उनकी रिहाई और वतन वापसी की प्रक्रिया अटकी रही।
बेटी ने जुटाए 2.51 करोड़ रुपये
पिता को वापस लाने के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने हार नहीं मानी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से आर्थिक मदद की अपील की। दीपिका की इस अपील पर उत्तराखंड सहित देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों से भी लोगों ने सहयोग दिया। देखते ही देखते यह मुहिम एक बड़े जनसहयोग अभियान में बदल गई।
इस मुहिम में अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने धनराशि जुटाने के साथ ही इंद्रमणि की रिहाई से जुड़ी कानूनी और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया।
करीब दो महीने की कोशिशों के बाद 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई गई। इसके बाद 9.84 लाख सऊदी रियाल की रकम जमा कराई गई और रिहाई से संबंधित औपचारिकताएं पूरी हुईं।
आखिरकार सालों का इंतजार खत्म हुआ और इंद्रमणि नौटियाल शुक्रवार को भारत लौट आए। उनकी वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है। यह कहानी एक बेटी के दृढ़ संकल्प, लोगों के सामूहिक सहयोग और लगातार प्रयासों की मिसाल बन गई है।
