उत्तराखंड में टेलीमेडिसिन क्रांति: डॉ. आर. राजेश कुमार को राष्ट्रीय सम्मान

उत्तराखंड की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की देश भर में धूम

हैदराबाद में आयोजित टेक्नोलॉजी सभा में बजा उत्तराखंड का डंका

देहरादून। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से सुदूर गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह प्रयास टेलीमेडिसिन से ही संभव हो पाए हैं। हैदराबाद में आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम में सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं की धूम रही। इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह सम्मान स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को समर्पित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

हैदराबाद में इंडियन एक्सप्रेस समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान एक्सप्रेस कंप्यूटर ने हाल में तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला ‘टेक्नोलॉजी सभा‘ का आयोजन किया था। इस कार्यशाला में देश भर के स्वास्थ्य सचिव, नगर निकायों के अधिकारी तथा कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में विभिन्न सामाजिक एवं राजकीय क्षेत्र में डिजिटाइजेशन, टेक्नोलॉजी के प्रयोग, आर्टिफिशल इंटेलिजेंस के उपयोग पर मंथन किया गया ताकि इस तकनीक का लाभ आम जनता को मिल सके।