Tehri Accident: देवप्रयाग में शनिवार को फरीदाबाद से चमोली के गौचर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसे की वजह तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
परिवार मूल रूप से चमोली जिले का रहने वाला है। वर्तमान में फरीदाबाद (हरियाणा) में रह रहा था। वह रिश्तेदारी में मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। सभी थार में सवार थे। बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग से करीब 15 किलामीटर श्रीनगर की तरफ बगवान के पास दुर्घटना हुई।
पांच लोगों की मौत, एक घायल
थार सवारों में दो महिला व चार पुरुष शामिल थे। इनमें महिला अनीता नेगी को रेस्क्यू किया गया है,उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि महिला का बेटा आदित्य व महिला की छोटी बहन मीनू गुसाई, उसके पति सुनील गुसाई समेत दो बच्चों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक सुबह तीन बजे के करीब महिला अनीता नेगी के निवास स्थल रुड़की से रवाना हुए थे। अनीता नेगी के दो बच्चे हैं, जबकि पति आर्मी में हैं। अनीता अपनी बहन के परिवार के साथ बड़े बेटे को लेकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकली थी। उनकी छोटी बेटी रुड़की में ही है।
सदमे में घायल महिला
मीनू नेगी व उसका परिवार फरीदाबाद में रहता है। गाड़ी मीनू के पति सुनील गुसाई चला रहे थे। ये दोनों बहनें अपनी मौसी के लड़के (भांजे) की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल घायल महिला सदमे में है और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है।