Banbasa: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित 57 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बनबसा का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों से भेंट कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों का हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने एस.एस.बी. जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हमारे जवान देश की शान हैं। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सीमाएं, हमारे सुरक्षाबलों की सहायता से पूरी तरह अभेद हैं, और इनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने सीमा चौकियों की अवस्थापना सुविधाएं, संचार व्यवस्था, गश्त की व्यवस्था तथा जवानों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधारों हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माणा जैसे सीमावर्ती गांवों को “प्रथम गांव” की संज्ञा दी है, जो राष्ट्र की सीमाओं और संस्कृति की पहली पहचान हैं। इन गांवों और सीमाओं की रक्षा में जुटे सभी जवानों का उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों से वार्ता भी की, उनकी समस्याओं, अनुभवों और ज़मीनी परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
ये भी पढ़ें 👉:Dehradun: मुख्यमंत्री ने हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा करते हुए हाल ही में हुए पहलगाम हमले को कायरतापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका मुँहतोड़ जवाब हमारी सेना और सुरक्षाबलों ने दिया है। हमारे वीर सैनिकों ने अदम्य साहस और अपार पराक्रम से आतंकवाद के आकाओं को घुटनों पर ला दिया है। जिस संकल्प, शौर्य और सटीक रणनीति से भारतीय सेना आतंक के नापाक मंसूबों को कुचल रही है उससे प्रत्येक भारतीय गौरवान्वित है, साथ ही आज पूरा विश्व भारतीय सैन्य शक्ति को सम्मान, विश्वास और सामर्थ्य के प्रतीक के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय देशवासियों ने सामूहिक एकता और राष्ट्रवाद का परिचय दिया है, जो किसी भी हथियार से अधिक शक्तिशाली है। मुख्यमंत्री ने सभी सशस्त्र बलों और सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए राष्ट्र सेवा में उनके समर्पण को नमन किया।
भारत-नेपाल सीमा के बीच बन रहे ड्राई पोर्ट पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के पास भारत और नेपाल सीमा के बीच बन रहे ड्राई पोर्ट पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
सीएम धामी ने कहा कि इस ड्राई पोर्ट के निर्माण से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे आयात-निर्यात की प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी व सुलभ हो जाएगी। इससे न केवल व्यापार में वृद्धि होगी, बल्कि सीमा से लगे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।