Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। एयरपोर्ट के रनवे से उड़ान भरते ही एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया। इसमें सवार 242 लोगों में से सिर्फ एक शख्स चमत्कारिक रूप से बच गया है।
Plan Crash in Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास 12 जून गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन इसी हादसे में एक ऐसा चमत्कार हुआ है, जिसके बारे में सुनकर लोग चौंक रहे हैं।
दरअसल इस विमान में पायलट, क्रू मेंबर के समेत 242 लोग सवार थे। जिसमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल है। अच्छी बात ये है कि इस हादसे में एक व्यक्ति का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
सिविल अस्पताल में लाए गए 265 शव
अहमदाबाद विमान हादसे में 265 लोगों की मौत हो गई है। अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि विमान हादसे के बाद सिविल अस्पताल में 265 शव लाए गए हैं। मरने वालों में हॉस्टल में रहने वाले लोग भी शामिल हैं।
कब और कैसे हुआ हादसा?
एयर इंडिया का बोइंग 787-8 प्लेन अहमदाबाद से गैटविक (लंदन) जा रहा था। विमान ने दोपहर 1 बजकर 38 मिनट सरदार पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और दो मिनट बाद 1 बजकर 40 मिनट पर क्रैश हो गया। यह विमान एयरपोर्ट की बाउंड्री भी ठीक से पार नहीं कर पाया था और ऊपर जाते ही अचानक विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। यह दुर्घटना अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके के पास हुई।
पूर्व सीएम विजय रुपाणी का निधन
इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने भी जान गंवाई है। पूर्व सीएम विजय रुपाणी के निधन की पुष्टि गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल और बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने की है। रूपाणी की मौत पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। बता दें कि विजय रूपाणी गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2016 से लेकर 2021 के बीच दो बार वो गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। वह 3 साल से पंजाब और चंडीगढ़ BJP के प्रभारी थे। उन्होंने 3 दिन पहले लुधियाना में वेस्ट हलका के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता के लिए प्रचार किया था।
हुआ बड़ा चमत्कार
यह देश का अब तक का सबसे बड़ा विमान हादसा है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने जान गंवाई है। हादसे में रमेश विश्वास कुमार नाम के एक शख्स की जान बच गई है। इसे ईश्वर का चमत्कार माना जा रहा है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है
कैसे जिंदा बच निकले रमेश विश्वास कुमार?
40 वर्षीय रमेश भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है। वह विमान की सीट संख्या 11A पर बैठा था। अपने आपको भाग्यशाली बताते हुए रमेश ने कहा कि उसे तो अभी तक यकीन नहीं हो रहा है कि इस हादसे से वह कैसे सुरक्षित निकल गया।
विश्वास पिछले 20 सालों से ब्रिटेन में रह रहा था। वह पिछले कई दिनों से भारत में था। वह यहां पर अपने परिवार से मिलने आया था। वह अपने भाई अजय कुमार रमेश के साथ इसी फ्लाइट से लंदन जा रहा था। उसके भाई की आयु 45 साल है। उसने कहा कि वह 11ए सीट पर बैठा था, और उनके भाई दूसरी पंक्ति में बैठे थे। उसने कहा कि टेक ऑफ के लगभग 30 सेकेंड के बाद ही यह हादसा हो गया और हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, चारों तरफ आग की लपटें थीं। मुझे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया।
मौत का आंकड़ा DNA टेस्ट के बाद ही बताया जा सकेगाः अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य के साथ बैठक की। अमित शाह ने कहा, ‘इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आंकड़ा DNA परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा।
विमान के अंदर 1.25 लाख लीटर ईंधन था
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान का तापमान ईंधन जलने के कारण इतना अधिक था कि किसी को बचा पाने की कोई गुंजाइश ही नहीं थी। विमान के अंदर 1.25 लाख लीटर ईंधन था। विमान गर्म हो गया था, इसलिए किसी को भी बचाने की गुंजाइश नहीं थी।
पीएम मोदी ने जताया दुख
PM नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दुख जताया है। PM मोदी ने कहा कि वे इस घटना से बहुत स्तब्ध हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी से हम स्तब्ध और दुखी हैं। यह शब्दों से परे दुखद है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं। मंत्रियों और अधिकारियों के साथ संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”
विमान हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक्स पर पोस्ट में लिखा गया- ‘अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बाद हुई जान-माल की हानि बेहद विनाशकारी है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। देश ने इस त्रासदी में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को भी खो दिया है। रूपाणी जी हमेशा लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध थे। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।’
विमान हादसे पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दुख जताया
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा, “महासचिव ने कहा है कि वे इस दुर्घटना की खबर से बहुत दुखी हैं, और हम उम्मीद करते हैं कि इस पर विस्तृत बयान आएगा। हमारा मानना है कि इस दुर्घटना के कारण 200 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई है। इसलिए, हम भारत के लोगों और भारत सरकार के साथ इस त्रासदी से निपटने के लिए अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
पीड़ितो को 1 करोड़ का मुआवजा
अहमदाबाद विमान हादसे पर टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि इस हादसे पर हमें बहुत दुख है। इस घटना को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इसकी कोई पूर्ति भी नहीं कर सकता। हमने इस दुर्घटना में कई प्रियजनों को खोया है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को टाटा ग्रुप 1 करोड़ की आर्थिक सहायता देगा। इसके साथ-साथ सभी घायलों का खर्च भी वहन करेगा। वहीं, जो टाटा ग्रुप बी जे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल का पुनर्निमाण भी करवाएगा।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने दिया बयान
वहीं एयर इंडिया विमान दुर्घटना पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विमान के क्रैश होने का पता लगाया जाएगा।
DNA का रैपिड टेस्ट किया जाता है
FSL एक्सपर्ट के मुताबिक वैसे तो DNA टेस्ट रिपोर्ट आने में समय लगता है। लेकिन जब ऐसे राष्ट्रीय आपदा के मामले हो तो DNA का रैपिड टेस्ट किया जाता है, जिसकी मौत हुई है। उसके परिवार के ब्लड सैंपल लेने के बाद 3 दिन में DNA टेस्ट रिपोर्ट आ जाती है। अगर आज मृतकों के परिवार के लोगों के ब्लड सैंपल ले लिए गए तो 3 दिन के अंदर DNA रिपोर्ट आ जाएगी। अब शवों की पहचान तभी ही पाएगी जब उनके परिवार के लोगों के ब्लड सैंपल समय से मिल पाएं।
राहुल गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं – हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीन पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।
सीएम धामी ने भी जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में कई यात्रियों और पूर्व सीएम विजय रुपाणी के असमय निधन पर अत्यंत दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने इस हृदय विदारक हादसे में दिवंगत यात्रियों, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों एवं क्रू मेंबर्स के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।
अहमदाबाद विमान हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी तथा हादसे के शिकार अन्य यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।