Dehradun: उत्तराखंड के 40 IAS अधिकारियों ने गोद लिए अपनी पहली ज्वाइनिंग वाले गांव, CM धामी की पहल लाई रंग

Dehradun: उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अभिनव पहल के तहत राज्य के 40 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने अपने प्रथम नियुक्ति स्थलों को गोद लिया है। इन गांवों के चहुमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अधिकारियों ने गांवों में जाकर समस्याओं को समझना शुरू कर दिया है और सीएसआर मद व सरकारी योजनाओं के जरिये विकास को गति देने की दिशा में कदम उठाए हैं।

20 मई 2025 को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया था। सरकार का उद्देश्य है कि विकास की हर राशि का पूर्ण और सही उपयोग हो और गांवों का योजनाबद्ध और टिकाऊ विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सुदूरवर्ती गांवों के चहुमुखी विकास का बीड़ा उठाया है। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों को अपनी प्रथम नियुक्ति स्थल को गोद लेने का जिम्मा सौंपा था। अधिकारियों ने गोद लिए गांवों में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझना शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भारतीय प्रशासनिक सेवा के ₹8700 या इससे अधिक ग्रेड-पे के अधिकारियों से अपने प्रथम नियुक्ति स्थल को गोद लेने की अपेक्षा की थी। इसी आधार पर राज्य के 40 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने अपनी प्रथम नियुक्ति स्थल को गोद लिया है।