Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना के कार्यों में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के तहत होने वाले कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
जमरानी बांध परियोजना के कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य जून 2029 तक रखा गया है, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसे दिसम्बर 2028 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सौंग बांध परियोजना को भी निर्धारित अवधि मार्च 2030 से पहले पूर्ण करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों बांधों के निर्माण में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाए। जमरानी बांध परियोजना को 2028 एवं सौंग बांध परियोजना को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में दोनों परियोजनाओं का निर्माण तय समय पर पूरा हो इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। राजस्व विभाग यह सुनिश्चित करें कि यदि कोई प्रभावित मुआवजे से वंचित रह गया है तो उसे यथाशीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
दोनों ही परियोजनाएं राज्य विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इन परियोजनाओं के निर्माण से न सिर्फ हल्द्वानी और देहरादून शहर को पीने के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।