Uttarakhand BJP: उत्तराखंड में BJP की 42 सदस्यीय नई टीम घोषित, पहली बार महिलाओं को मिली जिम्मेदारी

Uttarakhand BJP: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। लंबे और गहन मंथन के बाद भाजपा ने उत्तराखंड में अपनी नई टीम घोषित करते हुए विभिन्न मोर्चों और विभाग में 42 लोगों को दायित्व दिए है। जहां प्रदेश में हैट्रिक बनाने के लिए इस बार संगठन में युवाओं के कंधे पर जिम्मेदारी डाली है। तो वहीं पहली बार 5 महिलाओं को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

पहली बार महिला महामंत्री के पद पर दीप्ति रावत

 

संगठन में पहली बार महिला महामंत्री के पद पर दीप्ति रावत को जिम्मेदारी दी गई है, तो वहीं उपाध्यक्ष पद पर भी महिला नेताओं को लाया गया है। वहीं रुचि भट्ट को महिला मोर्चा का अध्यक्ष और अन्य मोर्चा में भी नियुक्ति की गई है। इस नई टीम में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान पर पार्टी ने लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है।

इन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

देहरादून महानगर के अनिल गोयल को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नैनीताल के राजेंद्र सिंह बिष्ट, उधम सिंह नगर के श्रीपाल राणा, रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा की विधायक आशा नौटियाल, हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से पूर्व विधायक यतीश्वरानंद, कोटद्वार के शैलेंद्र सिंह बिष्ट, रुड़की के राकेश गिरी और उत्तरकाशी के स्वराज विद्वान को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इनको प्रदेश महामंत्री और प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी 

इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल की दीप्ति रावत, बागेश्वर के कुंदन परिहार और नैनीताल के तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री का कार्यभार सौंपा गया है। जबकि, चमोली के सतीश लखेड़ा, देहरादून महानगर के आदित्य चौहान, टिहरी गढ़वाल से नलिन भट्ट, पिथौरागढ़ से दीपिका बोहरा, देहरादून महानगर से नेहा जोशी, काशीपुर से गुंजन सुखीजा, चंपावत ने निर्मल मेहरा और अल्मोड़ा को गौरव पांडे को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

इनको भी मिली जिम्मेदारी

वहीं, देहरादून महानगर से पुनीत मित्तल को प्रदेश कोषाध्यक्ष, नैनीताल से साकेत अग्रवाल को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, कोटद्वार के जगमोहन रावत को प्रदेश कार्यालय सचिव, नैनीताल के कौस्तुभानंद जोशी को प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक, हरिद्वार के सचिन अग्रवाल को प्रदेश प्रकोष्ठ सह संयोजक, पिथौरागढ़ के सुरेश जोशी को प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और उत्तरकाशी को मनवीर चौहान को प्रदेश मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश मीडिया सह संयोजक का जिम्मा विनय गोयल, राजेंद्र नेगी, प्रदीप जनौटी और विकास तिवारी को दिया गया है। वहीं प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक हिमांशु संगतानी को बनाया गया है। जबकि प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक करूण दत्ता, गौरव सिंह, गंधार अग्रवाल और लाल सिंह कोरंगा को बनाया गया है। प्रदेश आईटी संयोजक प्रवीण लेखवार को बनाया गया है।