Kedarnath Badrinath Dham: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के दर्शन किए। सबसे पहले राज्यपाल बदरीनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा में प्रतिभाग किया। यहां उन्होंने देश और राज्य की सुख समृद्धि की कामना की।

राज्यपाल ने करीब 1 घंटे का समय धाम में व्यतीत किया। राज्यपाल महोदय अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः हैलीकॉप्टर से बदरीनाथ हैलीपैड पहुंचे। यहां जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसके बाद कार से राज्यपाल बदरीनाथ मंदिर पहुंचे।

इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी द्वारा मास्टर प्लान के कार्यों से राज्यपाल को अवगत कराया गया।

इस पर राज्यपाल ने सिविक एमीनिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर,अराइवल प्लाजा और हॉस्पिटल बिल्डिंग की प्रगति पर संतोष जताया, और मास्टर प्लान के कार्यों की सराहना की उन्होंने कहा यहाँ जिस तरह का विकास हो रहा है वह हमें विश्व गुरु, आत्मनिर्भर भारत की ओर लें जा रहा है। इस दौरान राज्यपाल महोदय ने कार्यदायी संस्था को मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति की फोटो सहित डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शेष नेत्र और बद्रीश झील दोनों लेक की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने और आस्था पथ पर जितना लाइट इत्यादि का कार्य है उसे मेंनटेन रखने के निर्देश दिए।
बद्रीनाथ के बाद राज्यपाल ने किए बाबा केदार के दर्शन
बद्रीनाथ धाम में दर्शन करने के बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और विशेष रुद्राभिषेक पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि एवं उत्तराखण्ड के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

इस दौरान राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने राज्यपाल को धाम में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट भी की, जिनके द्वारा पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ राज्यपाल का स्वागत किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा सभी सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि “चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में आप सभी की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

राज्यपाल ने केदारनाथ में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों एवं कर्मचारियों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि प्रशासन, पुलिस एवं सेवा दल सभी श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा अनुभव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि “श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी पूर्ण निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करें।
