Uttarakhand: देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शनिवार को ‘उत्तराखंड रजत जयंती’ के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ‘रजत जयंती उत्सव’ की औपचारिक शुरुआत करते हुए प्रदेशवासियों से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने हेतु जनभागीदारी का आह्वान किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के जिन क्षेत्रों से वह पहले विधायक रहे हैं, उन इलाकों में कई ऐसे गांव हैं जो विकास की मुख्यधारा से अब भी जुड़ने की प्रतीक्षा में हैं।उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास बसे इन गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है। सीएम धामी ने बताया कि भूमि और वन विभाग से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर समाधान की दिशा में प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और बहुत जल्द इन गांवों में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी। मुख्यमंत्री ने आवास मंत्री का भी आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का चेहरा बदलने में मदद मिलेगी।
