Chamoli Accident: गोपेश्वर घिंघराण मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात्रि को हुई बाइक दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल सागर को एम्स रेफर किया गया है।

Chamoli Accident: गोपेश्वर नए बस अड्डे के पास घिनघरान की ओर जा रहा एक दोपहिया वाहन पिकअप से टकराने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दोपहिया वाहन में चार लोग सवार थे। जोकि गोपेश्वर से रामलीला देखकर लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलते ही थाना गोपेश्वर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मोटरसाइकिल सवार चारों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दो बच्चों उज्जवल (11 वर्ष) पुत्र महिपाल निवासी ब्रह्मसैन तथा समीर (14 वर्ष) पुत्र कलीराम निवासी ब्रह्मसैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं सागर पुत्र संदीप और अमन पुत्र सूर्य भारती, दोनों निवासी ब्रह्मसैन, गंभीर रूप से घायल हैं। जिसमें से सागर की गंम्भीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर सागर को हेलीकॉप्टर से उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया है। जबकि अमन का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चल रहा है।
इस हादसे से पूरे ब्रह्मसैन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और रात्रिकालीन यातायात पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों।
