Dharmendra Death: दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन हो गया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली है। धर्मेंद्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका जाना सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का नुकसान है।
मनोरंजन जगत को एक और बड़ा झटका लगा है। हिंदी सिनेमा के करिश्माई सितारों में से एक 89 साल के धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। धर्मेंद्र लंबे समय से बढ़ती उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
सनी देओल ने दी मुखाग्नि
धर्मेंद्र को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे सनी देओल ने दी है। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में हुआ है। उनके निधन से पूरे बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है।
पिछले पांच दशक में 300 से ज्यादा फिल्में
8 दिसंबर, 1935 को पंजाब में लुधियाना के साहनेवाल गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने पिछले पांच दशक में 300 से ज्यादा फिल्मों में कई यादगार किरदार निभाए। उन्होंने पर्दे पर कभी हीरो बनकर, कभी किसान, कभी सैनिक बनकर दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। फिल्मी परदे पर उनका हर किरदार जिंदगी से जुड़ा था और असल जिंदगी में वो एक सच्चे मिट्टी से जुड़े, सरल और भावनाओं से भरे हुए इंसान थे।
धर्मेंद्र का फिल्मी करियर
धर्मेंद्र का करियर हिंदी सिनेमा में लगभग छह दशकों का रहा है। उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से की थी। उसके बाद उन्होंने ‘शोला और शबनम’, ‘अनपढ़’, ‘बंदिनी’, ‘पूजा के फूल’, ‘हकीकत’, ‘फूल और पत्थर’, ‘अनुपमा’, ‘खामोशी’, ‘प्यार ही प्यार’, ‘तुम हसीन मैं जवां’, ‘सीता और गीता’, ‘यादों की बारात’ और ‘शोले’ जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है।
कई सम्मान मिले
धर्मेंद्र को अपनी शानदार एक्टिंग के लिए कई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उन्हें साल 2012 में भारत सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मफेयर पुरस्कार भी अपने नाम किए। उन्होंने कई बार आलोचकों और दर्शकों की प्रशंसा भी हासिल की। उनके योगदान के कारण उन्हें बॉलीवुड के सबसे महान और प्रतिष्ठित अभिनेताओं में गिना जाता है। उनका जाना सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का नुकसान है।
ये होगी धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
पद्म भूषण से नवाजे जा चुके धर्मेंद्र को आखिरी बार फिल्म ‘इक्कीस’ में देखा जाएगा। यह फिल्म आगामी 25 दिसंबर को आएगी।
