Champawat: मुख्य सचिव ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया, भूतपूर्व सैनिकों से भी भेंट कर सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रति सम्मान प्रकट किया 

Champawat: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज चम्पावत जनपद में विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास और पर्यटन गतिविधियों को गति देने हेतु विस्तृत समीक्षा की।

सबसे पहले मुख्य सचिव ने बस टर्मिनल चम्पावत का निरीक्षण किया। इसके उपरांत मुख्य सचिव ने मायावती आश्रम का भ्रमण किया, जहां स्वामी दिव्य कृपानंद जी ने उन्हें आश्रम के विभिन्न स्थलों का अवलोकन कराया। मुख्य सचिव ने कोलीढ़ेक झील का निरीक्षण कर इसे आध्यात्मिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल ज़ोन) तथा योग व वेलनेस हब के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य विभाग को महाशीर मछली संरक्षण हेतु भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने एबट माउण्ट का निरीक्षण किया और इसे पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील क्षेत्र बताया।

वीर सैनिकों के योगदान को नमन

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जिला सभागार परिसर चंपावत में भूतपूर्व सैनिकों से भेंट कर सशस्त्र सेना झंडा दिवस (Armed Forces Flag Day) के प्रति सम्मान प्रकट किया। मुख्य सचिव ने वीर सैनिकों के योगदान को नमन करते हुए फ्लैग लगाया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने मुख्य सचिव को फ्लैग लगाकर Armed Forces Flag Day Fund (AFFDF) की महत्ता एवं इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे उन सैनिकों और उनके परिवारों का सहयोग करें जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।

 

उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए देशभक्ति और सामाजिक दायित्व निभाने का अवसर है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने कराटे खिलाड़ियों अनामिका बिष्ट, अभिषेक कुवर, भावना अधिकारी, आरूष, अभीजित, प्रज्ञान साह, प्राची ओली, सांची मुरारी, जतीन जोशी सहित कोच दीपक सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।