Dehradun: नर्सिंग बेरोजगारों का स्वास्थ्य मंत्री आवास घेराव, समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत, पुलिस के साथ हुई झड़प

Dehradun: नर्सिंग बेरोजगारों ने वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के यमुना कालोनी स्थित आवास घेराव के लिए कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर आवास पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

इससे नाराज प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर धरने बैठ गए। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी और उक्रांद के राकेश ध्यानी, राजेंद्र बिष्ट, प्रवीण रमोला, भूरा चमोली आदि भी समर्थन देने मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने कांग्रेसी, उक्रांद नेताओं समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और करीब साढ़े तीन बजे धरनास्थल पर छोड़ दिया।

कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि आप प्रदर्शन कर रहे थे उस दिन भी आपको गिरफ्तार किया गया। आप अपनी उम्मीद अपनी मांग को लेकर जिस तरह संघर्ष कर रहे है। लोकतंत्र में जब-जब संघर्ष होता है और एकता होती है उसका नतीजा हमेशा सकारात्मक होता है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि आवास घेराव करने से पहले मैंने स्वास्थ्य मंत्री को फ़ोन किया तो उन्होंने अपने पश्चिम बंगाल में होने की जानकारी दी। मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि संगठन पिछले कई दिनों से वर्षवार भर्ती निकालने और आयु सीमा में छूट देने समेत कई मांगों को लेकर धरना दे रहा है। सोमवार को संगठन के सभी बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया।

इससे पहले भी सैकड़ों बेराजगारों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान हाथीबड़कला में बेरोजगारों और पुलिस के बीच करीब दो घंटे तक झड़प हुई। एक महिला पुलिसकर्मी पर कूच में शामिल एक महिला के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। बेरोजगारों के इस व्यहार पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।