Army Day पर सेंट्रल कमांड में पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट सम्मानित, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल बने

Army Day  के पावन अवसर पर लखनऊ स्थित सेंट्रल कमांड मुख्यालय में एक भव्य एवं प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के सच्चे सपूत, पूर्व सैनिक (EX NK) कलम सिंह बिष्ट को उनके असाधारण खेल कौशल, अनुशासित जीवनशैली और निरंतर समाज सेवा के लिए GOC-in-C, सेंट्रल कमांड मेजर जनरल नवीन महाजन, एसएम द्वारा सम्मानित किया गया।

यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धियों का नहीं, बल्कि उस विचारधारा का प्रतीक है, जो यह संदेश देती है कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी राष्ट्र सेवा रुकती नहीं, बल्कि नए रूप में आगे बढ़ती है। समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक, जवान, उनके परिजन एवं विशिष्ट अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और प्रेरणा का वातावरण स्पष्ट रूप से झलकता रहा।

पूर्व सैनिक से अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर तक का प्रेरणादायक सफर

कलम सिंह बिष्ट का जीवन संघर्ष, संकल्प और साधना की मिसाल है। भारतीय सेना में नायक (NK) के पद पर रहते हुए उन्होंने अनुशासन, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता को अपने जीवन का आधार बनाया। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने विश्राम का मार्ग नहीं चुना, बल्कि अपने अनुभव और अनुशासन को समाज एवं देश के लिए समर्पित कर दिया।

एक अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर के रूप में कलम सिंह बिष्ट ने दुर्गम पहाड़ी मार्गों, कठिन रेगिस्तानी ट्रेल्स और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का तिरंगा गर्व से लहराया। उनकी उपलब्धियां यह सिद्ध करती हैं कि उम्र कभी भी सीमाएं तय नहीं करतीं, बल्कि मजबूत संकल्प और निरंतर परिश्रम ही वास्तविक शक्ति होते हैं।