Uttarakhand: अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की सेवा करते हुए रुद्रप्रयाग के हवलदार रविन्द्र सिंह (36) बलिदान हो गए। आगर, दशज्यूला क्षेत्र के रहने वाले बलिदानी रविन्द्र 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। अरुणाचल के अलोंग में ही भारत मां की सेवा करते हुए वे वीर गति को प्राप्त हुए। अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं।
जवान का पार्थिव शरीर सोमवार रात रुद्रप्रयाग आर्मी कैंप लाया गया। जहां से मंगलवार को रुद्रप्रयाग संगम पर सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी। खबर के बाद से परिवारजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।
ग्राम प्रधान आगर चन्द्रकला देवी ने बताया कि इस दुखद घटना से सम्पूर्ण क्षेत्र में मातम पसरा है। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल में भर्ती हुए थे। रविन्द्र मुधर व्यवहार के साथ ही गांव के सभी लोगों के प्रिय थे। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल ने गहरा दुख व्यक्त किया।
वही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा की अरुणाचल प्रदेश में मां भारती की सेवा करते हुए सैन्य भूमि उत्तराखण्ड के वीर सपूत, रुद्रप्रयाग निवासी 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात हवलदार श्री रविन्द्र सिंह जी के शहीद होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ।।ॐ शांति।।
