Uttarakhand: हल्द्वानी में 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, ABVP के पूर्व प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

Uttarakhand: हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में एबीवीपी के पूर्व प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट समेत चार युवकों पर आरोप लगे हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि चार युवक उसे डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर क्षेत्र के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

 

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, हिमांशु गोनी, अंश खत्री और नितिन पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चारों को घटना के करीब छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।