BJP National President: नितिन नबीन ने संभाली बीजेपी अध्यक्ष की कमान, सीएम धामी ने दी बधाई 

BJP National President: नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला। वह इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह ने इस अवसर पर उन्हें बधाई दी।

भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन ने पीएम मोदी का स्वागत किया। उनके साथ पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी मौजूद थे। साथ ही भाजपा-NDA राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे।

पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

वहीं अपने संबोधन के दौरान, पीएम मोदी ने कहा की “आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतनी ही बड़ी प्राथमिकता कार्यकर्ता के निर्माण की भी है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए, 25 साल से लगातार सरकार के प्रमुख रहे हैं। ये सब अपनी जगह पर है लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है और जब बात पार्टी के विषयों पर आती है तब नितिन नबीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे मेरे ‘बॉस’ हैं।”

सीएम धामी ने दी बधाई

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भेंट कर उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।