Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत हुए एमओयू और उनकी ग्राउंडिंग की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बताया गया कि कुल 3,57,693 करोड़ रुपये के 1,779 एमओयू में से अब तक 1,06,953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का त्वरित निस्तारण किया जाए, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
सीएम धामी ने पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए पिथौरागढ़, कैंची धाम सहित प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश के अवसर विकसित करने, प्रत्येक जिले में “उद्योग मित्र समिति” की नियमित बैठकें कराने तथा स्पिरिचुअल ज़ोन डेवलपमेंट, भराड़ीसैंण में मंदिर अवसंरचनात्मक निर्माण और आयुर्वेद एम्स की स्थापना जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
