IndvsPak: भारत ने कोलंबो में पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आठवीं जीत हासिल कर ली है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक इन दोनों टीमों के बीच कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 8 मैचों में जीत हासिल की है और एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। भारत की जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है।
दरअसल, पाकिस्तान ने पहले भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में अपने फैसले पर यू-टर्न लिया था। ऐसे में भारत ने पाकिस्तान को हराकर टी20 विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा है।
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया।
पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई और 61 रनों से उसने मुकाबला गंवाया। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में पहले ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन किया और फिर भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया।
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर आठ चरण में पहुंच गई है। भारत की जीत पर जहां भारतीय प्रशंसक मस्त हैं, वहीं पाकिस्तान एक बार फिर पस्त पड़ गया है।
