Chamoli: जनपद के सरपंचों के साथ डीएम ने की विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर बैठक

Chamoli: जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आज जिला सभागार में जनपद के सरपंचों के साथ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वेश कुमार दुबे, प्रभागीय वनाधिकारी, बद्रीनाथ वन प्रभाग द्वारा सरपंचों की मांगों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक वन प्रभाग को मिले 2700 बंदरों के बंध्याकरण लक्ष्य के सापेक्ष 1703 बंदरों को बंध्याकरण हेतु हरिद्वार भेजा गया है। मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित मामलों में प्रभावितों को भुगतान किया जा रहा है तथा शेष लंबित प्रकरणों का भुगतान बजट अवमुक्त होते ही किया जाएगा। जनपद में कुल 852 वन पंचायतें कार्यरत हैं, जिनमें से 304 में चुनाव होना शेष है। वनाग्नि से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वन विभाग से समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में वन पंचायतों के चुनाव मानकों के अनुरूप संपन्न कराएं तथा समय-समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें और संबंधित आख्या उपलब्ध कराएं।

IndvsPak: भारत ने T20 World Cup में पाकिस्तान को 8 बार रौंदा, सुपर-8 में बनाई जगह, दमदार जीत में चमके ईशान किशन 

जिलाधिकारी ने बद्रीनाथ वन प्रभाग, केदारनाथ वन्यजीव वन प्रभाग, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क जोशीमठ एवं अलकनंदा भूमि वन संरक्षण के प्रभागीय वनाधिकारियों को निर्देशित किया कि वन पंचायत नियमावली के अंतर्गत सरपंचों को दी जाने वाली सभी सुविधाएं लागू की जाएं तथा वर्ष में दो बार विभागीय गतिविधियों की जानकारी साझा करने हेतु बैठक आयोजित की जाए। साथ ही शासन स्तर से संबंधित मामलों को समयबद्ध रूप से प्रेषित करना सुनिश्चित किया जाए।

 

बैठक में उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट, संबंधित एसडीओ, सरपंच एवं अन्य अधिकारी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।