Happy Holi: उत्तराखंड में धूमधाम से खेली गई होली, लोकभवन में राज्यपाल और सीएम के साथ मंत्रियों-अफसरों ने उड़ाया रंग-गुलाल

Happy Holi: उत्तराखंड प्रदेश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया।वहीं देहरादून लोकभवन में होली के पावन अवसर पर रंगारंग होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राज्यपाल Lt Gen गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री Dr.रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री Dr धन सिंह रावत,  गणेश जोशी, प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सभी लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और इस पावन पर्व की खुशियों में सराबोर हो गए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रत्येक भारतीय और विशेष रूप से उत्तराखण्ड के नागरिकों को होली के इस क्षण पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व हमारे अंदर व्याप्त हर्ष और उल्लास का प्रतीक है, जो ईश्वर का आशीर्वाद है। उन्होंने इस उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता ‘समरसता’ को बताया, जहाँ सभी लोग प्रेम और स्नेह के साथ एक-दूसरे से जुड़ते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि रंगों का अर्थ यही है कि प्रभु के बनाए सभी रंग किस प्रकार एक होकर आपसी एकता और एकजुटता को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम मिल-जुलकर हर उत्सव मनाते हैं, वह पूरी दुनिया और मानवता के लिए एक बड़ा संदेश है।