T20 WC Winner: भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है।

T20 World Cup Winner 2026: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी–20 वर्ल्डकप जीत लिया है। इंडिया लगातार दो बार टी–20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बनी। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी–20 वर्ल्डकप जीता है।
भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त दी
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने बॉलिंग का फैसला लिया था। पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने टी–20 वर्ल्डकप फाइनल में रिकॉर्ड 255 रन बनाए।
रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साइफर्ट (52) और कप्तान सैंटनर (43) के अलावा कोई भी बैटर भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड को रनों के लिहाज से टी–20 वर्ल्डकप फाइनल में सबसे बड़ी हार मिली।
संजू सैमसन ने टी–20 वर्ल्डकप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर 89 रन बनाए। ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए। आखिर में शिवम दुबे ने 8 गेंद पर 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड से जिमी नीशम को 3 विकेट मिले।
भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए, जिन्होंने कुल 4 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया। उनके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया।
भारत ने रचा इतिहास
बता दें कि अब तक वेस्टइंडीज और इंग्लैंड भी 2-2 बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बने हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 3 बार जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है। टीम इंडिया ने 2007, 2024 और अब 2026 का खिताब जीता है। इससे पहले कोई भी टीम लगातार 2 बार टी20 फॉर्मेट का वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई थी। भारत इस उपलब्धि को हासिल करने वाला भी पहला देश बना है।
टीम इंडिया की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई
Champions!
Congratulations to the Indian team on winning the ICC Men’s T20 World Cup!
This remarkable triumph reflects exceptional skills, determination and teamwork. They have shown outstanding grit through the tournament.
This victory has filled every Indian heart with…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 8, 2026
वहीं टीम इंडिया की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह उल्लेखनीय जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क को दर्शाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट धैर्य दिखाया है। इस जीत ने हर भारतीय का दिल गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया।
