Rudraprayag: पंचकेदारों में प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट खुले, पांच सौ से अधिक श्रद्धालु बने साक्षी 

Rudraprayag। भक्तिमय वातावरण और “नमः शिवाय” उदघोष के बीच पंचकेदारों में से 12073 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ आज पूर्वाह्न 11 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलने के समय पांच सौ से अधिक श्रद्धालुजन मौजूद रहे। इस अवसर पर मंदिर को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था।

मैठाणी पुजारियों द्वारा श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के बाद भगवान तुंगनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि से श्रृंगार रूप दिया गया। दर्शन पूजा-अर्चना के बाद भगवान तुंगनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दर्शन शुरू हो गये।

 

कपाट खुलने हेतु मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामनाएं की।

Kedarnath Dham: हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट, मुख्यमंत्री भी बने दिव्य क्षणों के साक्षी

इससे पहले भगवान तुंगनाथ जी की चलविग्रह डोली आज सुबह चोपता से श्री तुंगनाथ पहुची परिक्रमा के बाद डोली पार्वती मंदिर में विराजमान हुई। परंपरा के अनुसार स्वयंभू लिंग को पुष्प और अक्षत अर्पित कर जागृत कर श्रृंगार रूप दिया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजा-अर्चना जलाभिषेक कर बाबा तुंगनाथ का आशीर्वाद लिया।