Dehradun: कांग्रेस के खिलाफ जन आक्रोश पदयात्रा, सीएम धामी बोले—विपक्ष के लिए वोटर, हमारे लिए मां-बहन-बेटी

Dehradun: नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में शुक्रवार को दून की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। परेड मैदान में आयोजित भाजपा की जन आक्रोश रैली में महिला का उत्साह और विपक्षी दलों के विरुद्ध कड़ी नाराजगी देखी गई।

परेड मैदान से शुरू हुई आक्रोश रैली दून क्लब, कनक चौक, एस्लेहाल चौक, घंटाघर और दर्शनलाल चौक होते हुए भाजपा महानगर कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने तख्तियां और पोस्टर लेकर विपक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आक्रोश रैली की अगुआई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की।

इसमें सीएम धामी के अलावा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, विधायक आशा नौटियाल, विधायक सविता कपूर, प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रदेश महिला मोर्चा के प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह आदि समेत कई लोग मौजूद रहे।

 

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड मैदान में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका अधिकार दिलाने की कोशिश की। इसके लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन विधेयक लाया गया पर लोकसभा में संख्या बल के कारण यह पारित नहीं हो पाया। कहा कि विपक्ष ने षड्यंत्र कर नारी शक्ति का अधिकार छीनने का काम किया है। कहा कि विपक्ष के लिए मातृशक्ति केवल वोटर हो सकती है, पर हमारे लिए मां, बहन और बेटी है।

Kedarnath Dham: DM ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, श्रद्धालुओं से भी फीडबैक..

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की आधी आबादी को उसका हक दिलाने के प्रयास को लोकसभा में विपक्ष ने विफल कर महापाप किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मातृशक्ति को नए भारत के निर्माण का आधार माना है। महिलाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से देश के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे आ रही हैं।

Dehradun: महिला आरक्षण मुद्दे पर सियासत गरमाई, कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर दिया धरना

आदिवासी समाज की बेटी, देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं। राज्य सरकार भी मातृशक्ति के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। महिलाओं के अधिकार की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण के साथ काम करते रहेंगे। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस महिलाओं को उनका हक दिलाने में असफल रही, जबकि भाजपा ने महिलाओं को हर क्षेत्र में नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और जब यही शक्ति सड़कों पर उतरती है, तो परिवर्तन अवश्य होता है।