Chamoli: निजमुला घाटी में बिजली गिरने से 500 बकरियों की मौत, भेड़पालकों को लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग

Chamoli: जनपद के विकासखंड दशोली स्थित निजमुला घाटी में रविवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। गौणा-भनाली तोक क्षेत्र में हुई इस घटना में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई।

Weather Update: उत्तराखंड में दो दिन का ऑरेंज अलर्ट, जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

इस हादसे में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत कई पशुपालकों को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। प्रभावित भेड़पालकों का कहना है कि एक ही झटके में उनकी सालों की मेहनत खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि देर रात आकाशीय बिजली गिरने से भनाली तोक में यह नुकसान हुआ है। प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही स्थिति का आकलन शुरू कर दिया गया है।

 

गौरतलब है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3, 4 और 5 मई के लिए जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। घटना के समय भी क्षेत्र में खराब मौसम और बारिश का दौर जारी था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि निजमुला घाटी भेड़ पालन का प्रमुख क्षेत्र है और यहां के ग्रामीणों की आजीविका का मुख्य साधन पशुपालन ही है। ऐसे में इस हादसे से कई परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

 

भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है।