Uttarakhand के वीर सपूत सूरत सिंह राणा पंचतत्व में विलीन, चकराता में नम आंखों से दी गई विदाई

Uttarakhand: चकराता क्षेत्र से एक बेहद भावुक और शोकपूर्ण खबर सामने आई है, जहां BSF के सहायक उप निरीक्षक (ASI) सूरत सिंह राणा को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सूरत सिंह राणा राजस्थान के जैसलमेर में BSF में तैनात थे। 4 मई 2026 को ड्यूटी के दौरान हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने से उनका निधन हो गया। वह मूल रूप से उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र के ग्राम मगरौली के निवासी थे और देश सेवा में समर्पित थे।

Chamoli: बद्रीनाथ क्षेत्र में 48 मुख्यमंत्री घोषणाएं, 29 पूर्ण, 12 पर कार्य जारी

बुधवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया, जिसके बाद हरिपुर स्थित मां यमुना तट पर उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान BSF की टुकड़ी और स्थानीय पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और शस्त्र झुकाकर वीर जवान को अंतिम सलामी दी।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और स्थानीय लोग शामिल हुए। हर आंख नम थी और लोगों ने अपने वीर सपूत को भावभीनी विदाई दी।

 

सूरत सिंह राणा अपने पीछे पत्नी, बच्चों और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।