West Bengal Politics: शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल के नए CM, पहली बार सत्ता में आई BJP

West Bengal Politics: आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाई और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली ।


West Bengal CM Suvendu Adhikari Shapath Grahan Samaroh: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। आजादी के बाद पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कम से कम 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बीजेपी के दिग्गज नेता भी पहुंचे थे। शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष समेत चार विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, क्षुदीराम टुडु और निशिथ प्रमाणिक शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम मोदी ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रमाण किया। रवींद्र जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह को भाजपा ने बंगाल में “नए राजनीतिक अध्याय” की शुरुआत बताया।

सीएम बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी का पहला बयान 

मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह दिन पश्चिम बंगाल और देश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इच्छा थी कि नई सरकार का गठन रवींद्र जयंती के अवसर पर हो। उन्होंने बताया कि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि देने के बाद उनकी सरकार आधिकारिक रूप से काम शुरू करेगी।

 

बंगाल में भाजपा सरकार बनने को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब सभी की नजर नई सरकार के फैसलों और प्रशासनिक बदलावों पर टिकी हुई है।