Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा-2026 को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विकासखंड दशोली मुख्यालय में औषधि निरीक्षक चमोली की उपस्थिति में जिले के दवा विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिला प्रशासन चमोली द्वारा यात्रा अवधि के दौरान दवा आपूर्ति व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
औषधि निरीक्षक चमोली हार्दिक भट्ट ने दवा व्यवसायियों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियम 1945 के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को 24×7 आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएं तथा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखा जाए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की मनःप्रभावी (नार्कोटिक्स) दवा बिना चिकित्सकीय परामर्श अथवा वैध पर्चे के नहीं दी जाएगी। साथ ही दवा दुकानों में एक्सपायरी दवाओं का भंडारण या वितरण पाए जाने पर संबंधित दवा विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक ने कहा कि सभी दवा प्रतिष्ठानों में योग्य फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य है। इसके अलावा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में दवा विक्रेता संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष एनपी तिवारी, उपाध्यक्ष प्रवेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप सेमवाल, महामंत्री आशीष खाली सहित जिले के सभी दवा विक्रेता उपस्थित रहे।
