NEET-UG 2026: कड़ी सुरक्षा के बीच चमोली में सकुशल संपन्न हुई NEET-UG परीक्षा

NEET-UG 2026: जनपद चमोली में रविवार को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण, गोपेश्वर को एकल परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां कुल 262 अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई और पूरे समय प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाती रही।

Chardham Yatra 2026: यात्रियों को 24×7 दवा उपलब्ध कराने के निर्देश, मेडिकल स्टोरों पर बढ़ी निगरानी

परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सुरक्षा, गोपनीयता एवं अन्य प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त की और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

 

परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

 

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पांडे सहित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में परीक्षा का संचालन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा अवधि के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि जनपद में NEET-UG परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने परीक्षा संचालन में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से अभ्यर्थियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण सुनिश्चित किया जा सका।