Suicide: झाड़ू-पोछा, बर्तन….’घर का हर काम करता था, फिर भी पीटती थी पत्नी, तंग आकर कारोबारी पति ने दी जान

Suicide: राहुल ने वीडियो में कहा, कि मैं अपनी पत्नी के लिए घर के सारे काम करता था। झाड़ू लगाना, बर्तन साफ करना सब करता था। इसके बावजूद मेरे साथ मारपीट की जाती थी और मुझ पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। मैं अब और मानसिक तनाव नहीं झेल सकत…


हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय कपड़ा कारोबारी ने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो साल पहले हुई थी प्रेम विवाह

मृतक की पहचान सेक्टर-3 के हाउसिंग बोर्ड निवासी 28 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। राहुल ने करीब चार महीने पहले ही सेक्टर-3 में कपड़ों की दुकान खोली थी। परिजनों के मुताबिक, राहुल ने करीब दो साल पहले ज्योति नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ज्योति नहीं चाहती थी कि राहुल अपने माता-पिता के साथ रहे। इसी पारिवारिक कलह के कारण वह परिवार से अलग रहने लगा था।

झाड़ू-बर्तन करने के बाद भी मारती थी

आत्महत्या से ठीक पहले राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उसने रोते हुए अपनी पत्नी ज्योति, सास वीना, ससुर बिट्टू और साली नीतू को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। राहुल ने वीडियो में कहा, कि मैं अपनी पत्नी के लिए घर के सारे काम करता था। झाड़ू लगाना, बर्तन साफ करना सब करता था। इसके बावजूद मेरे साथ मारपीट की जाती थी और मुझ पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। मैं अब और मानसिक तनाव नहीं झेल सकता। उसने कानून से अपने ससुराल पक्ष को सख्त सजा देने की मांग की और कहा कि उसकी मौत के बाद उसकी संपत्ति उसकी मां, बहन और भाइयों को दे दी जाए।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के रिश्तेदार अमित ने बताया कि राहुल को अपनी मां और परिवार से मिलने तक की इजाजत नहीं थी। रविवार सुबह वह चोरी-छिपे अपनी मां से मिलकर दुकान पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी ने राहुल के खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज कराया था, जिसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस वीडियो की सत्यता और सभी आरोपों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।