Chamoli: नारायणबगड़ अस्पताल परिसर में दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी की मौत, निरीक्षण के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

Chamoli:  जनपद के नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी दीवार गिरने से मलबे में दब गए। गंभीर रूप से घायल चिकित्सक को उपचार के लिए कर्णप्रयाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

भारी बारिश के बाद कमजोर हो गई थी दीवार

जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अस्पताल की दीवार के नीचे कटाव हो गया था। तेज पानी और मलबे की वजह से दीवार अंदर से पूरी तरह खोखली हो चुकी थी और उसके गिरने का खतरा बना हुआ था।

निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा

शनिवार को लगातार हो रही बारिश के बीच डॉ. नवीन डिमरी क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वे मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उन्हें मलबे से बाहर निकाला।

Dehradun में भारी बारिश का कहर, विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में दीवार गिरी, कई मकानों को नुकसान, 1 महिला घायल

उपचार के दौरान तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल डॉ. नवीन डिमरी को प्राथमिक उपचार देने के बाद उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।

स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर

डॉ. नवीन डिमरी मूल रूप से देवलधार, गोपेश्वर के निवासी थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Dehradun में भारी बारिश का कहर, विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में दीवार गिरी, कई मकानों को नुकसान, 1 महिला घायल