Dehradun: सामाजिक संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से यूजेवीएन लिमिटेड, ढाकरानी में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम और POSH (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम) कानून को लेकर निशुल्क जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. पवन शर्मा ने प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, यौन उत्पीड़न की पहचान, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका के बारे में व्यावहारिक उदाहरणों के साथ जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल किसी भी संस्थान की प्रगति और महिलाओं के सम्मानजनक कार्य वातावरण के लिए बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना और कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित एवं संवेदनशील बनाना रहा।
