Chamoli के गौचर में कांग्रेस की ओर से अग्निपथ-अग्निवीर योजना के खिलाफ जनजागरण यात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया गया। प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने अग्निवीर योजना को उत्तराखंड के युवाओं और सेना के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

गौचर के रामलीला मैदान से कांग्रेस की अग्निपथ-अग्निवीर योजना के खिलाफ जनजागरण यात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत हुई। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना लागू होने के बाद देश की सैन्य शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सेना युवाओं के लिए रोजगार का सबसे बड़ा माध्यम रही है, लेकिन अग्निवीर योजना के कारण युवाओं का सेना के प्रति आकर्षण कम हुआ है। इसका असर प्रदेश की बेरोजगारी और आर्थिकी पर भी पड़ रहा है।
वहीं, कर्नल राम रतन नेगी ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर सेना और सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें सत्ता और वोट के लिए सेना और सैनिकों के नाम का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन अग्निपथ योजना लागू कर सेना की शक्ति को कमजोर किया जा रहा है।
