Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित नंदा नगर क्षेत्र के सीमांत गाँव लुणतरा से एक बेहद गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आई है। गाँव के होनहार युवा प्रियांशु बिष्ट ने नीट (NEET) 2026 की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रथम चरण की काउंसलिंग के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी (Government Medical College Haldwani) में MBBS प्रथम वर्ष के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। प्रियांशु की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और गाँव में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सादगी और संघर्ष की मिसाल
प्रियांशु एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता नरेंद्र सिंह बिष्ट एक कृषक हैं और माता पुष्पा देवी गृहणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रियांशु ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के दम पर सफलता का यह मुकाम हासिल किया है।

प्रियांशु की शुरुआती पढ़ाई उनके अपने गाँव लुणतरा से ही पूरी हुई।
कक्षा 6 से 10 (JNV पीपलकोटी): कक्षा 6 में उनका चयन ‘जवाहर नवोदय विद्यालय पीपलकोटी’ में हुआ, जहाँ से उन्होंने 10वीं कक्षा 92% अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
कक्षा 11 व 12 (जेएनवी बनारस): 10वीं के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन ‘एडवांस्ड फाउंडेशन कोर्स’ के लिए ‘जवाहर नवोदय विद्यालय बनारस (उत्तर प्रदेश)’ में हुआ। वहाँ से उन्होंने 87% अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की और नीट की तैयारी की।

प्रतिभाओं की खान है लुणतरा गाँव
उत्तराखंड का सीमांत गाँव लुणतरा अपनी विशिष्ट पहचान के लिए जाना जाता है। यहाँ के युवा हर वर्ष विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत से विभिन्न सरकारी सेवाओं और उच्च संस्थानों में चयनित होकर गाँव व जिले का नाम रोशन करते रहे हैं। प्रियांशु की इस सफलता ने गाँव के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा की एक नई मिसाल कायम की है।
क्षेत्रवासियों, परिजनों और गाँव के गणमान्य लोगों ने प्रियांशु को उनके इस उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों बधाइयां व शुभकामनाएं दी हैं।
