Uttarakhand:उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद गहराता जा रहा है। उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट कोतवाली में FIR दर्ज कराई है। रेखा ने पति पर धोखाधड़ी, उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं शिकायत में मंत्री रेखा ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग भी की है। उन्होंने इस मामले को लेकर एक वीडियो भी जारी किया है।

बता दें कि हाई प्रोफाइल घटनाक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का स्वास्थ्य ख़राब हो गया था, उनको डालनवाला के कृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का स्वास्थ जानने के लिए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल कृष्ण हॉस्पिटल पहुंचे। एसएसपी ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है। थाना कैंट में इस घटनाक्रम से सम्बन्धित तहरीर दी गई है। घटना से सम्बन्धित सभी साक्ष्य जुटाकर इस मामले की जांच की जाएगी।
वहीं रेखा आर्य के द्वारा पति के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के बाद पति गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी किया है। वीडियो में गिरधारी लाल ने मंत्री पर 210 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज की गई शिकायत एआई जेनरेटेड फर्जी ऑडियो क्लिप पर आधारित है।
मंत्री रेखा पर भ्रष्टाचार का आरोप
साहू ने आरोप लगाया कि रेखा आर्य ने कथित तौर पर भ्रष्टाचार के जरिए 210 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाई है। वीडियो में उन्होंने कहा कि पूरा उत्तराखंड जानता है कि मैं तुम्हें सत्ता में लाया। आज तुम जहा भी हो, मेरी वजह से हो।
FIR वापस लेने की मांग
गिरधारी लाल साहू ने कहा कि उनके खिलाफ दायर की गई एफआईआर झूठी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंत्री रेखा FIR वापस नहीं लेंगी तो तो बाबा बनखंडी नाथ उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की पहली पत्नी से पुत्र रिंकू साहू है। जनवरी 2022 में पहली पत्नी से रिंकू को अपना पुत्र बताया था। रिंकू साहू बरेली में साहू समाज की राजनीति में सक्रिय थे। उनके खिलाफ एक सम्मेलन में बिना अनुमति भीड़ जुटाने के आरोप में एफआईआर दर्ज होने की भी रिपोर्ट हुई थी।
