Chamoli: जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और राज्यपाल को खून से पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। इसके अलावा गणित के सहायक अध्यापक का पद भी रिक्त है। शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक लंबे समय से इन पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इससे पहले 18 सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी की गई थी और 28 सितंबर को भी प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर बड़ी संख्या में महिलाएं और अभिभावक विद्यालय परिसर में एकत्र हुए और शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी जताई।
अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
