Dehradun: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले 18 धर्मपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर आवाज उठने लगी है। क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने पार्टी से स्थानीय और अनुभवी कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग की है।
24 नवंबर को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि पार्टी को इस बार बाहरी चेहरे के बजाय क्षेत्र में वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ता को मौका देना चाहिए।
पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक योगदान रहा है। चुनाव में ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं को अवसर मिलना चाहिए।
पूर्व पार्षद एवं पूर्व ग्राम प्रधान हरिप्रसाद भट्ट ने कहा कि पार्टी स्थानीय कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और समर्पण से परिचित है। कार्यकर्ता लंबे समय से कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं, ऐसे में पार्टी को भी उन पर भरोसा जताना चाहिए।
पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू ने कहा कि वर्ष 2024 में पार्टी के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री के कांग्रेस छोड़ने के बाद भी समर्पित कार्यकर्ताओं ने संगठन का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता के माध्यम से नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से धर्मपुर विधानसभा सीट पर स्थानीय कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाने की मांग दोहराई।
