गोवर्धन पूजा पर अरण्यक जन सेवा संस्था की गौशाला में हुआ गौ पूजन, 180 गोवंशों को मिल रहा आश्रय

देवप्रयाग। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर अरण्यक जन सेवा संस्था की ओर से ग्राम बागी, देवप्रयाग स्थित गौशाला में निराश्रित गोवंशों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस अवसर पर गायों को अन्न, हरा चारा (ग्रास) और गुड़ खिलाकर उनकी सेवा एवं संरक्षण का संकल्प दोहराया गया।

संस्था की ओर से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गौशाला में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। वर्तमान में अरण्यक जन सेवा संस्था देवप्रयाग और कीर्तिनगर क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं देखभाल के लिए गौशालाओं का संचालन कर रही है। संस्था द्वारा लगभग 180 निराश्रित एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों का पालन-पोषण किया जा रहा है।

इस अवसर पर संस्था ने मुंबई निवासी अंजना शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने गोवर्धन पूजा के अवसर पर निराश्रित गोवंशों के लिए गौ-ग्रास उपलब्ध कराने में सहयोग दिया।

गौ पूजन कार्यक्रम में स्वामी नित्यबोधानंद सरस्वती महाराज, गिरीश कोटियाल, इंद्र दत्त रतूड़ी, गोसेवक गब्बर सिंह, विलोचना, झिमला, देवी और मंगा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संस्था के इस प्रयास से जहां निराश्रित और दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों को आश्रय एवं देखभाल मिल रही है, वहीं समाज में गौसेवा, जीव संरक्षण और मानवीय संवेदना का संदेश भी प्रसारित हो रहा है